Friday 2 September 2016

भाजपा व संघ को कांग्रेस ने दिया बड़ा झटका:एबीवीपी व संघ के 11 पदाधिकारी कांग्रेस में शामिल

By Tricitynews Reporter
Chandigarh 02nd September:- भारतीय जनता पार्टी और आरएसएस को उस समय बड़ा झटका लगा जब अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद तथा भाजपा और संघ से जुड़े 11 पदाधिकारियों ने कांग्रेस में शामिल होने का ऐलान किया। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गंधी उपाध्यक्ष राहुल गांधी की नीतियों तथा कांग्रेस के सिद्धांतों से प्रभावित होकर इन युवाओं ने कांग्रेस में शामिल होने के लिए सोनिया गांधी को पत्र भी लिखा था।
इस पत्र के बाद कांग्रेस अध्यक्ष ने हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर को इन सभी पदाधिकारियों को कांग्रेस ज्वाइन करवाने के आदेश दिए। शुक्रवार को नई दिल्ली में डॉ. अशोक तंवर ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के चंडीगढ़ के स्टेट कन्वीनर सुखजोत तथा उपाध्यक्ष सुखदेव भोरिया की अगुवाई में आए कुल 11 पदाधिकारियों को कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण करवाई। इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा भी मौजूद रहे।
कांग्रेस में शामिल होने वालों में सुखजोत सुखेदव भोरिया के अलावा पंजाब यूनिविॢसटी में पुसू के पार्टी प्रभारी आशीष कुमार चढ्ढा (2014-15), अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के उपाध्यक्ष अंगद गिल (2015-16), सेक्टर-11 स्थित सरकारी कॉलेज में एबीवीपी के अध्यक्ष अंकुर गुप्ता, एबीवीपी के उपाध्यक्ष अनिल मुखिया (2014-15), पीयू में पुसू के उपाध्यक्ष अमितोज (2014-15), स्टेट कन्वीनर लाली सधू (2014-15), पीयू में एबीवीपी के संयुक्त सचिव हरमन संधू (2014-15), एबीवीपी में साइंस के इंचार्ज सुप्रब जैन (2014-15) तथा यूआईएसएल के कन्वीनर सुखेल सम्राट (2015-16) शामिल हैं।
सुखजोत सुखदेव भोरिया ने सोनिया गांधी को लिखे पत्र में आरोप लगाए थे कि भाजपा और संघ जातिवाद की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने भाजपा और संघ पर दलित विरोधी होने के आरोप भी लगाए हैं। एबीवीपी के इन नेताओं का कहना है कि वे पिछले दिनों राज्यसभा सांसद कुमारी सैलजा से भी मिले थे। 
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने इन सभी को कांग्रेस में शामिल करवाते हुए कहा कि पार्टी में आने वाले इन युवाओं को पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा। डॉ. तंवर ने कहा कि केंद्र की मोदी और हरियाणा की खट्टर सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। युवाओं को गुमराह करके और झूठ बोलकर वोट हासिल करने वाली भाजपा की पोल अब खुल चुकी है। देश के युवाओं में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में भरोसा है। 
प्रदेश कांग्रेसाध्यक्ष ने कहा कि जिस तरह से छात्र संघ चुनाव से ठीक पहले अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में भगदड़ मची है उससे स्पष्ट होता है कि यूनिवर्सिटी छात्रों में भी भाजपा सरकार के प्रति आक्रोश है। छात्र संघ चुनावों में इसका फायदा कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआई और पार्टी को मिलेगा।



No comments: