Saturday 26 August 2017

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस ने राज्यपाल से की मांग: खट्टर सरकार को तुरंत प्रभाव से बर्खास्त कर राष्ट्रपति शासन लागू कर देना चाहिए

By Tricitynews Reporter
Chandigarh 26th August:- हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने कल पंचकुला में हुए घटनाक्रम की निन्दा करते हुए कहा कि हरियाणा की भाजपा सरकार कानून एवं व्यवस्था को लागू करने में पूर्णतया असफल रही है। उन्होंने कहा कि इससे पहले रामपाल प्रकरण जाट आरक्षण के समय भी भाजपा सरकार के ढुलमुल रवैये के कारण प्रदेश को भारी जानी माली नुकसान उठाना पड़ा था। उन्होंने राज्यपाल से मांग की कि भाजपा सरकार की चौतरफा विफलताओं के चलते इसे तुरंत प्रभाव से बर्खास्त करके राष्ट्रपति शासन लागू कर देना चाहिए।
डॉ. अशोक तंवर ने पंचकूला में हुई आगजनी से प्रभावित सरकारी निजी इमारातों सहित जहां-जहां सडक़ों पर वाहनों को जलाया गया था, उन सभी जगहों का दौरा किया। उन्होंने कहा कि ऐसा मंजर देख कर आज भी दिल दहल रहा है तो इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि खट्टर सरकार के उदासीन रवैये के कारण पंचकूला शहर कल किस दहशत से गुजरा होगा। 
उन्होंने कहा कि इससे पहले भी भाजपा सरकार की विफलताओं के चलते रामपाल प्रकरण और जाट आरक्षण के समय प्रदेश में जो तबाही हुई थी उससे भी इस सरकार ने उनसे कोई सबक नहीं लिया। पिछले तीन दिनों से माननीय हाईकोर्ट द्वारा भाजपा सरकार को कानून-व्यवस्था की स्थिति को कामय रखने के लिए बार-बार चेताया गया परंतु इस गुंगी-बहरी सरकार के कान पर जूं तक नहीं रेंगी। 
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था का जनाजा निकल चुका है, प्रदेश में अफरा-तफरी का माहौल है और आए दिन बलात्कार, लूट, हत्यायें जैसी वारदातें हो रही हैं मगर मौजूदा भाजपा सरकार सिवाए अफसरों की बदलियों के और कुछ नहीं कर रही। हरियाणा में भाजपा राज आने के बाद लोग भय के साये में जी रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार में नैतिकता नाम की कोई चीज नहीं बची है और यह सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। उन्होंने राज्यपाल महोदय से पुन: मांग की कि ऐसी निक्कमी सरकार को तुरंत बर्खास्त किया जाये और हरियाणा में राष्ट्रपति शासन लागू किया जाये ताकि प्रदेश में अमन-चैन का माहौल बन सके और जनता बेखौफ अपने घरों से बाहर निकल सके।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के पंचकूला दौरे के समय तरुण भंडारी, सतविंद्र सिंह टिम्मी, देवेन्द्र चावला, भूपेन्द्र राणा, ओमप्रकाश देवीनगर, मुकेश मल्होत्रा, दलबीर बाल्मीकि, राकेश सोंधी, राघव विज, एसके नैय्यर, राजेश अंसल, सतीश दताना, विमल नम्बरदार, निशांत शर्मा आदि भी मौजूद थे।


No comments: