Thursday 7 January 2021

भाजपा सरकार का लोकतंत्र में कोई विश्वास नहीं है: कुमारी सैलजा

 

By Tricitynewsline

Chandigarh Jan. 07, 2021:- कुमारी सैलजा ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार किसानों के साथ बातचीत के नाम पर दिखावा और छलावा कर रही है। सरकार की मंशा हल निकालने की नहीं है। भाजपा सरकार किसानों को बरगलाने का कार्य कर रही है। बरगलाना भाजपा का मार्का बन गया है। भाजपा सरकार का आधार झूठ पर टिका हुआ है। इन कानूनों के जरिए भाजपा सरकार ने किसानों को गुलाम बनाने का पूरा प्रबंध कर लिया है।

यह बातें हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने रेवाड़ी में किसानों को समर्थन देने के दौरान कहीं। कुमारी सैलजा गुरुवार को रेवाड़ी के मसानी बैराज और खेड़ा-शाहजहांपुर बॉर्डर पर किसान आंदोलन को अपना समर्थन देने पहुंची थीं।

कुमारी सैलजा ने कहा कि कृषि विरोधी काले कानूनों के खिलाफ इस लड़ाई में एक तरफ भाजपा सरकार और इनके चंद पूंजीपति मित्र हैं, जबकि दूसरी तरफ पूरा देश है जो 60 करोड़ से ज्यादा किसानों और कृषि क्षेत्र से जुड़े करोड़ों मजदूरों के साथ खड़ा है। भाजपा सरकार द्वारा इस आंदोलन को कुचलने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। लेकिन कृषि कानूनों के विरोध में देश का किसान एकजुट है।

कुमारी सैलजा ने कहा कि किसी भी किसान ने इन कानूनों की मांग नहीं की थी। इन कानूनों की मांग भाजपा सरकार के कुछ चुनिंदा पूंजीपति मित्रों की होगी, जो केवल मुनाफा नहीं मुनाफाखोरी करते हैं। किसानों की आमदनी दोगुनी करने का वायदा कर सरकार बनाने वाली भाजपा ने किसान की आय को कम करने के साथ ही अब इन कानूनों के जरिए उन्हें गुलाम बनाने का पूरा प्रबंध कर लिया है। लाखों किसान भीषण सर्दी में बारिश के बीच जगह-जगह आंदोलन कर रहे हैं। साठ से ज्यादा किसान अपना बलिदान दे चुके हैं। लेकिन भाजपा सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है। भाजपा सरकार का लोकतंत्र में कोई विश्वास नहीं है। कानूनों को लाने से पहले किसानों से कोई बातचीत नहीं की गई। विपक्ष के साथ कोई बातचीत नहीं की गई। इन कानूनों को संसद में लोकतंत्र का गला घोंट कर पास कराया गया। किसान जब अपनी आवाज उठाने लगे तो उनकी बात सुनने की बजाय उनपर दमनपूर्वक कार्रवाई की जा रही है। कुछ दिनों पहले ही रेवाड़ी में भी किसानों पर दमनपूर्वक कार्रवाई की गई।

कुमारी सैलजा ने कहा कि पूरे देश में किसान जगह-जगह इन कानूनों के खिलाफ आंदोलनरत हैं। शुरुआत से ही कांग्रेस पार्टी हर स्तर पर इन काले कानूनों के खिलाफ लड़ाई लड़ रही है। कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। सरकार किसानों की मांगें मानकर इन तीनों काले कानूनों को निरस्त करे और न्यूनतम समर्थन   मूल्य की गारंटी का कानून बनाए।

इस दौरान उनके साथ विधायक चिरंजीव राव, पूर्व सीपीएस रामकिशन गुर्जर, पूर्व मंत्री एमएल रंगा, पटौदी से प्रत्याशी रहे सुधीर चौधरी, प्रदेश प्रवक्ता वेदप्रकाश विद्रोही एव ओम प्रकाश डाबला, जिला पार्षद सुनीता वर्मा, यूथ कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव मंजू भरत तोंगड़, यूथ कांग्रेस प्रदेश महासचिव अजीत तोंगड समेत अन्य पार्टी नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

No comments: