Thursday 4 August 2016

उद्योगपति अपनी जरूरत के कुशल व्यक्ति तैयार करें:राज्यपाल

By Tricitynews Reporter
Chandigarh 04th August:- हरियाणा पंजाब के राज्यपाल और चण्डीगढ के प्रशासक प्रो0 कप्तान सिंह सोलंकी ने उद्योगपतियों को आह्वान किया है कि वे मेक इन इंडिया को सफल करने के लिए अपने उद्योग की जरूरत के अनुरूप कुशल व्यक्ति स्वयं तैयार करें। उन्होंने कहा कि इससे उद्योगों को कौशलयुक्त श्रमशक्ति मिलेगी और वे तेजी से तरक्की करेंगे। दूसरी ओर बेरोजगारी भी कम होगी। प्रो0 सोलंकी होटल माउंटव्यू में इंडियन पल्प एंड पेपर टेक्निकल एसोसिएशन के क्षेत्रीय सम्मेलन को सम्बोधित कर रहे थे।
प्रो0 सोलंकी ने कहा कि आज देश की 65 प्रतिशत आबादी युवा है। यह देश पर बोझ बने इसलिए कौशल विकास के जरिए इसे देश की शक्ति बनाने की जरूरत है। ऐसा होने पर यह युवाशक्ति भारत को विश्व की बड़ी शक्ति बनाने में योगदान करेगी। उन्होंने उपस्थित उद्योगपतियों से अनुरोध किया कि वे देश को कागज उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने के लिए नवीनतम प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल करें। उन्होंने कहा कि देश में कागज बनाने के लिए कृषि उपजों का अपशिष्ट भारी मात्रा में उपलब्ध है। इसके उपयोग से कागज के लिए वनों की कटाई करने की भी कोई जरूरत नहीं रहेगी।
इससे पहले इंडियन पल्प एंड पेपर टेक्निकल एसोसिएशन के अध्यक्ष नीहार अग्रवाल ने एसोसिएशन की नीतियों और उपलब्धियों के बारे में विस्तार से बताया। इस कार्यक्रम की समिति के अध्यक्ष अनिल कुमार ने राज्यपाल अन्य अतिथियों का स्वागत किया और एसोसिएशन के उपाध्यक्ष पवन अग्रवाल ने सबका धन्यवाद किया। 


No comments: