Saturday 18 December 2021

राजेंद्र राणा ने कांग्रेस उमीदवार के समर्थन में जनसभा को किया सम्बोधित

By Tricitynews Reporter

Chandigarh, Dec.18, 2021:- नगर निगम चुनाव में कांग्रेस आलाकमान द्वारा कोऑर्डिनेटर लगाए गए सुजानपुर के विधायक हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष राजेंद्र राणा ने वार्ड नंबर 24 के सैक्टर 42 में कांग्रेस प्रत्याशी जसबीर सिंह बंटी के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा है कि पिछले 6 साल से चंडीगढ़ नगर निगम में सत्ता पर काबिज भाजपा ने चंडीगढ़ की बेहतरी के लिए प्रयास किए होते और अपने वायदों को अमलीजामा पहनाया होता तो आज देश के कई मुख्यमंत्रियों सहित बड़े नेताओं की फौज को चंडीगढ़ की गलियों में वोट मांगने के लिए खाक नहीं छाननी पड़ती। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ की जनता जब भाजपा नेताओं से सवालों की बौछार कर रही है तो भाजपा नेता बगले झांक रहे हैं और सवालों से भाग रहे हैं।
 
राजेंद्र राणा ने कहा कि चंडीगढ़ की जनता का पहला सीधा सवाल यह है कि हमेशा स्वच्छता की रैंकिंग में देश में पहले तीन स्थानों पर रहने वाला चंडीगढ़ भाजपा शासन के दौरान राष्ट्रीय रैंकिंग में खिसक कर 66वें स्थान पर कैसे पहुंच गया ? इसके अलावा चंडीगढ़ की जनता यह जानना चाहती है कि बिजली विभाग की करोड़ों की संपत्ति को प्राइवेट हाथों में किस लिए दिया जा रहा है और बिजली विभाग के प्राइवेटाइजेशन की हिमायत भाजपा क्यों कर रही है जबकि बिजली विभाग घाटे की बजाय फायदे में चल रहा है। पिछले 6 सालों के दौरान चंडीगढ़ नगर निगम क्षेत्र में पानी और सीवरेज के बिल 3 गुना करने का कारनामा कर दिखाने के बावजूद भाजपा नेता किस मुंह से जनता से वोट मांगने निकले हैं।

राजेंद्र राणा ने कहा कि वर्ष 2016 में भाजपा ने जिन 25 वायदों का घोषणा पत्र जारी किया था और चंडीगढ़ नगर निगम की सत्ता हासिल की थी, उनमें से 8 वायदे पूरे बाकी अधूरे जनता इनका जवाब जानना चाहती है। जनता वायदा खिलाफी का देगी करारा जबाब। सडक़ों का जो हाल भाजपा कार्यकाल में हुआ वह कभी नहीं हुआ एक साल पहले तक तो सडक़ों के मरम्मत के लिए भाजपा शासित चंडीगढ़ नगर निगम के पास फंड तक नहीं था लोगों का गुस्सा फूटने के बाद प्रशासन के साथ मिलकर निगम ने किसी तरह सडक़ों की मरम्मत करवाई।

उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ में स्वच्छता की हालत आज भी खस्ता है। राजेंद्र राणा ने कहा कि भाजपा नेताओं से चंडीगढ़ की जनता यह जानना चाहती है कि 6 साल से चंडीगढ़ नगर निगम में सत्ता पर काबिज होने और केंद्र में आपकी पार्टी की सरकार होने के बावजूद चंडीगढ़ के गौरव को नुकसान किसने पहुंचाया। राजेंद्र राणा ने कहा कि  चंडीगढ़ नगर निगम के चुनाव में जिस तरह भाजपा ने कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों सहित अपने बड़े नेताओं की फौज को गली-गली में उतारा है, उससे भाजपा की घबराहट साफ झलक रही है। भाजपा नेता भी यह जान चुके हैं कि चंडीगढ़ की जनता अब इस नगर निगम से भाजपा की विदाई तय कर चुकी है।  

वहीं जसबीर सिंह बंटी ने कहा कि जो वादे अपने वार्ड के लोगों से किये हैं उन्हें पहल के आधार पर पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि  वार्ड के लोगों की समस्या उनकी समस्या होगी और उसका समाधान वह पार्षद के रुप में नहीं बल्कि एक सेवक के रुप में करेंगे। वह अपने वार्ड के विकास को आदर्श वार्ड के रुप में किया जाएगा।

इससे पूर्व जसबीर सिंह बंटी ने सुबह डोर टू डोर प्रचार अभियान चलाया और वार्डवासियों से अपने पक्ष में वोट देने की अपील की।

 

No comments: