Wednesday, 2 January 2019

हरियाणा सरकार ने ‘आधार-रथ’ की शुरुआत की : लोगों तक पहुंचाएगा आधार से मिलने वाली सरकारी सुविधाओं की विस्तृत जानकारी


By Tricitynews
Chandigarh 02nd January:- हरियाणा सरकार ने आधार कार्ड की आवश्यकता, आधार अपडेट करवाने से संबंधित समस्याओं और आधार से मिलने वाली सुविधाओं की विस्तृत जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए ‘आधार-रथ’ की शुरुआत की है। यह रथ 2 जनवरी से 10 फरवरी तक प्रदेश के जिलों और गांवों में भ्रमण कर लोगों को आधार से संबंधित आवश्यक जानकारियां देगा। यह जानकारी गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव एस. एस. प्रसाद ने आज हरियाणा सिविल सचिवालय परिसर से ‘आधार-रथ’ को झंडी दिखाकर रवाना करने उपरांत दी।
एस. एस. प्रसाद ने कहा कि आधार कार्ड बनाने के मामले में हरियाणा देश में अग्रणी है। जन्म पंजीकरण के मामले में भी हरियाणा देश में सबसे आगे है। उन्होंने कहा कि लोगों को जागरूक करने, आधार की आवश्यकताओं और उससे मिलने वाली सरकारी सुविधाओं की जानकारी देने के लिए ‘आधार-रथ’ की शुरुआत की गई है। यह रथ 40 दिनों तक प्रदेश में भ्रमण करेगा।
उन्होंने कहा कि आधार कार्ड आने के बाद भ्रष्टाचार में कमी आई है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि पीडीएस सिस्टम से आधार कार्ड लिंक होने के बाद केवल जरूरतमंद लाभार्थियों को ही राशन मिलता है। अब राशन वितरण में पहले की तरह भ्रष्टाचार या गड़बड़ी नहीं होती है।


No comments: